ग्वालियर, 01 सितंबर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बुधवार, 02 सितंबर को प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मेला मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और किसानों के हित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत करेंगे।
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज योजना को सरल बनाने और कृषक कवच योजना की शुरुआत भी की जाएगी। प्रदेश में नवपंजीकृत 200 प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं के कार्यालयों का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा।
कार्यक्रम में प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं के नए सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों और पांच उत्कृष्ट प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट संस्थाओं को चेक भी वितरित किए जाएंगे।
गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के तीन किसानों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। इन किसानों को क्रमशः राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार, कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार और मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
महोत्सव में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह तथा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। ग्वालियर-चंबल अंचल से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है।
मेला मैदान में तैयार किए गए मंच पर कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे शुरू होंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, कन्हैया लोकगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दोपहर 2 बजे के बाद पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे किसान हितैषी सौगातों का शुभारंभ करेंगे, उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करेंगे और उपस्थित किसानों को संबोधित करेंगे।















