गुआवियारे, 01 सितंबर।
कोलंबिया के दक्षिणी गुआवियारे विभाग में पिछले सप्ताह मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े विद्रोहियों के खिलाफ किए गए सैन्य हवाई हमले में तीन नाबालिगों की भी मौत हुई। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
राष्ट्रपति अबेलार्डो दे ला एस्प्रिएला के सशस्त्र समूहों के खिलाफ अभियान तेज करने के बीच 27 अगस्त को यह बमबारी की गई थी। उनके इस महीने की शुरुआत में पद संभालने के बाद इसे सबसे घातक सैन्य अभियान बताया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 10 लोगों की जान गई। मृतकों में दो की उम्र 15 वर्ष और एक की उम्र 16 वर्ष बताई गई है।
निगरानी संस्था ने चिंता जताई कि कोलंबिया में आपराधिक और विद्रोही समूह बच्चों को सोशल मीडिया के जरिए अपने साथ जोड़ रहे हैं। उनसे विस्फोटकों से लैस ड्रोन संचालित करने जैसे लगातार खतरनाक होते कार्य भी कराए जा रहे हैं।
संस्था के मुताबिक, मेटा और टिकटॉक जैसे मंचों के एल्गोरिदम ऐसे संदेशों को बढ़ावा देते प्रतीत हुए, जिनमें बच्चों को विद्रोही समूहों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा था।
मानवाधिकार संगठन की अमेरिका क्षेत्र की निदेशक जुआनिता गोएबर्टस ने कहा कि कोलंबिया में सशस्त्र समूह बिना किसी प्रभावी रोक के बच्चों की भर्ती कर रहे हैं। उनके अनुसार, सुरक्षा तंत्र कमजोर पड़ रहा है और सोशल मीडिया भर्ती का अधिक प्रभावी माध्यम बन गया है।
मेटा और टिकटॉक ने मानवाधिकार संगठन को बताया कि वे हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री की अनुमति नहीं देते हैं। दोनों मंचों ने संगठन की ओर से चिह्नित किए गए खातों को हटाने की जानकारी भी दी।















