पणजी, 01 सितंबर।
गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 2102 में मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी आने के बाद पूर्ण आपात स्थिति घोषित करनी पड़ी। विमान को एहतियातन वापस गोवा मोड़ा गया और मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।
घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर हवाई अड्डे के बोर्डिंग क्षेत्र में पहुंचाया गया।
इंडिगो के अनुसार, उड़ान ने सुबह 9.16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला।
इसके बाद पायलटों ने मानक परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ने का फैसला किया।
स्थिति को देखते हुए हवाई यातायात नियंत्रण ने सुबह 9.30 बजे पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर दी। उस समय विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
विमान ने यू-टर्न लेकर गोवा की ओर वापसी शुरू की और दक्षिण महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र के ऊपर से लौटते हुए गोवा पहुंचा।
सुबह 9.51 बजे विमान ने मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे नंबर 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद उसे स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया।
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सुबह 10.03 बजे पूर्ण आपात स्थिति समाप्त कर दी गई। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए उड़ान का समय बदलकर दोपहर 3.30 बजे निर्धारित किया गया है।
हालांकि, आगे की उड़ान विमान की तकनीकी जांच, आवश्यक मंजूरी और अन्य परिचालन आवश्यकताओं पर निर्भर करेगी। विमान के इंजन में आई खराबी के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
इंडिगो के अनुसार, विमान की तकनीकी और रखरखाव संबंधी जांच जारी है। सभी आवश्यक जांच और मंजूरी पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।















