भोपाल, 01 सितंबर।
मध्य प्रदेश के एक लाख 22 हजार मेधावी विद्यार्थियों के खातों में मंगलवार को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कक्षा 12वीं में पहले प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को यह प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे।
भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए राशि वितरण किया जाएगा।
प्रदेश सरकार स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना संचालित कर रही है। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें डिजिटल तकनीक से जोड़ना है।
योजना के तहत कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये दिए जाते हैं।
इस वर्ष करीब एक लाख 22 हजार विद्यार्थी इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगे। प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये पहुंचाए जाएंगे और कुल मिलाकर 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।
प्रदेश सरकार की यह पहल मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए जरूरी डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपनी शिक्षा को अधिक प्रभावी बना सकेंगे।















