नई दिल्ली, 01 सितंबर।
देश के आर्थिक मोर्चे से एक और सकारात्मक आंकड़ा सामने आया है। अगस्त महीने में सकल माल एवं सेवा कर राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह करीब दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सकल जीएसटी संग्रह सालाना आधार पर 14.8 प्रतिशत बढ़कर 1,99,853 करोड़ रुपये रहा। पिछले वर्ष इसी महीने कुल जीएसटी संग्रह 1.74 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था।
अगस्त के दौरान शुद्ध जीएसटी राजस्व 1.68 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.3 प्रतिशत अधिक है। घरेलू लेनदेन से प्राप्त जीएसटी राजस्व भी 9.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1.37 लाख करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया।
आयात से मिलने वाले राजस्व में सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह 29 प्रतिशत बढ़कर 62,604 करोड़ रुपये हो गया। आंकड़ों में केंद्रीय जीएसटी संग्रह 38,413 करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी संग्रह 46,316 करोड़ रुपये बताया गया है।
एकीकृत जीएसटी संग्रह 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। वहीं, अगस्त महीने में प्रतिदाय की राशि में भी बड़ी वृद्धि दर्ज की गई और यह 68 प्रतिशत बढ़कर 31,795 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।















