वाशिंगटन, 01 सितंबर।
अमेरिका के सेना सचिव डैन ड्रिस्कॉल ने अपने पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को त्यागपत्र सौंप दिया है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के साथ कथित मतभेद और लंबे समय से चले आ रहे तनाव को उनके इस फैसले की वजह माना जा रहा है।
करीब 18 महीने तक सेना सचिव का पद संभालने के बाद ड्रिस्कॉल ने इस्तीफा दिया है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने अब तक उनका त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया है और व्हाइट हाउस ने भी इसके पीछे कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया है।
इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि सेना सचिव ने राष्ट्रपति से सेना की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और इसके बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया। सेना की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने कहा कि डैन ड्रिस्कॉल ने विभाग में राष्ट्रपति ट्रंप के अमेरिका को फिर से मजबूत बनाने के एजेंडे को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया। उनके नेतृत्व को ऐतिहासिक सैन्य अभियानों और रूस-यूक्रेन के बीच बातचीत में भूमिका के लिए भी सराहा गया।
ड्रिस्कॉल का इस्तीफा पीट हेगसेथ के साथ कथित रूप से लंबे समय से जारी तनाव की खबरों के बीच सामने आया है। इस तनाव के पीछे इस वर्ष की शुरुआत में जनरल रैंडी जॉर्ज को आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ के पद से हटाने और अन्य वरिष्ठ कमांडरों को हटाए जाने जैसे घटनाक्रम बताए गए हैं।
यदि व्हाइट हाउस ड्रिस्कॉल का इस्तीफा स्वीकार करता है तो ईरान युद्ध में दोबारा तेज हुई लड़ाई के बीच अमेरिकी सेना सीनेट से अनुमोदित नेता के बिना रह जाएगी। इस संघर्ष में अमेरिकी सेना तेहरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
आर्मी के अंडर सेक्रेटरी माइकल ओबाडल, ड्रिस्कॉल का इस्तीफा स्वीकार होने की स्थिति में कार्यवाहक सेना सचिव की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। डैन ड्रिस्कॉल अपनी बेबाक राय के लिए भी जाने जाते रहे हैं और वह ड्रोनबस्टर हथियार को बेहद घटिया बता चुके हैं।
येल लॉ स्कूल से स्नातक ड्रिस्कॉल को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का करीबी माना जाता है। उन्हें रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में भी देखा जा चुका है।
ड्रिस्कॉल अमेरिका के इतिहास में सबसे कम उम्र में सेना सचिव बनने वाले व्यक्ति हैं। उन्हें ट्रंप 2.0 प्रशासन का एक महत्वपूर्ण कमांडर माना गया और उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की बातचीत में कूटनीतिक भूमिका निभाई।
हेगसेथ और ड्रिस्कॉल के बीच विवाद का एक कारण कथित तौर पर पदोन्नति सूची से चार अधिकारियों के नाम हटाया जाना भी रहा। इनमें दो अश्वेत पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।
फरवरी में हेगसेथ ने ड्रिस्कॉल के वरिष्ठ सलाहकार कर्नल डेविड बटलर को हटाने के लिए दबाव डाला था। बटलर ट्रंप के विरोधी माने जाने वाले जनरल मार्क मिली के पूर्व प्रवक्ता रह चुके हैं।
ड्रिस्कॉल ने बटलर को पद से हटाने के लिए हेगसेथ के दबाव का विरोध किया था। इस मामले पर पेंटागन ने टिप्पणी के लिए सेना से संपर्क करने को कहा, लेकिन सेना की ओर से तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।
ड्रिस्कॉल ने भी टिप्पणी के अनुरोध पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सेना सचिव के रूप में उन्होंने सेना के वार्षिक बजट और 10 लाख से अधिक सक्रिय ड्यूटी, नेशनल गार्ड तथा रिजर्व सैनिकों के साथ 3,30,000 से अधिक नागरिक कर्मचारियों का नेतृत्व किया।
उन्हें डेमोक्रेट्स के बीच भी पसंद किया जाता रहा है। नवंबर में ड्रिस्कॉल अमेरिका का शांति प्रस्ताव पेश करने के लिए यूक्रेन की यात्रा पर गए थे।















