नई दिल्ली, 01 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि देश के 140 करोड़ नागरिकों की मेहनत और सामूहिक संकल्प का परिणाम है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद से जारी युद्ध और वैश्विक अस्थिरता जैसी चुनौतियों के बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से स्वदेशी को अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और भारत में बने सामानों का समर्थन करने की अपील की।
उन्होंने विदेश यात्राओं को सीमित करने, विदेशों में विवाह समारोह आयोजित करने से बचने और आवश्यकता न होने पर सोना नहीं खरीदने का भी आग्रह किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि यदि देश के सभी नागरिक स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हैं तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।















