जयपुर, 01 सितंबर।
उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने सोमवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय भेजने की सिफारिश की है। साथ ही उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद पर नियुक्त करने की अनुशंसा भी की गई है।
इस न्यायिक फेरबदल के तहत राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है।
न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोग इस बदलाव को राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस.पी. शर्मा से जुड़े हालिया विवाद के संदर्भ में भी देख रहे हैं। माना जा रहा है कि इस फेरबदल के माध्यम से उच्च न्यायालय की प्रशासनिक व्यवस्था और न्यायिक संतुलन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश संदीप मेहता ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा से संबंधित शिकायत का उल्लेख करते हुए उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय से स्थानांतरित करने का आग्रह किया था।
उनके स्थान पर दूसरे न्यायाधीश की नियुक्ति की मांग भी की गई थी। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश की ओर से कहा गया था कि प्रकरण के सभी पहलुओं की उच्च स्तर पर जांच के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा आगामी 26 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।















