नई दिल्ली, 01 सितंबर।
ओडिशा के गंजाम और गजपति जिलों से आए लोक कलाकारों ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति ने व्यक्तिगत और सामाजिक विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने लोक कलाकारों से युवा पीढ़ी को शिक्षा प्राप्त करने और आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्ति के विकास का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कलाकारों से आग्रह किया कि वे युवाओं को शिक्षा और प्रासंगिक कौशल हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनका सहयोग भी करें।
राष्ट्रपति ने कहा कि आधुनिक विकास और प्रगति के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने आधुनिकता और सांस्कृतिक जड़ों के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
मुलाकात के दौरान लोक कलाकारों ने राष्ट्रपति को पारंपरिक कलाकृति भेंट की। राष्ट्रपति मुर्मु ने कलाकारों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके पारंपरिक परिधानों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विशेष रुचि दिखाई।
राष्ट्रपति भवन में इस अवसर पर कलाकारों के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई गई।















