रीवा, 02 सितंबर।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 पर बुधवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार बल्कर ने यात्रियों से भरी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। इनमें आठ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ। रीवा से सीधी जा रही बघोर ट्रैवल्स की बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान पीछे से आए बल्कर ने बस को तेज गति से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बल्कर सड़क पर पलट गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भीषण था और टक्कर से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए तथा स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
दुर्घटना में घायल यात्रियों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से संजय गांधी अस्पताल रीवा पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर सक्रिय हैं तथा घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।















