भोपाल, 2 सितंबर।
मध्य प्रदेश पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ प्रदेशभर में लगातार कार्रवाई करते हुए पिछले एक सप्ताह के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और प्रतिबंधित पदार्थों की खेती के मामलों में कार्रवाई कर पुलिस ने 2 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त की है।
नीमच जिले में कंजार्डा पुलिस चौकी ने कार्रवाई करते हुए 424 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 63 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वहीं जीरन थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में 12 क्विंटल 70 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और एक ट्रक जब्त कर दो आरोपितों को पकड़ा। दोनों मामलों में कुल 1 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
इंदौर के चंदन नगर थाना पुलिस ने एक विदेशी महिला आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 57.18 ग्राम कोकीन और मोबाइल फोन सहित करीब 29 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने स्मैक बेचने के मामलों में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को पकड़ा। उनके पास से 48.36 ग्राम स्मैक, मोटरसाइकिल और बोलेरो वाहन सहित लगभग 22 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
बालाघाट पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में पूछताछ के बाद ओडिशा में दबिश देकर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से 31.570 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। विदिशा पुलिस ने गंजबासौदा क्षेत्र में कार्रवाई कर 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया और ब्राउन शुगर, अवैध शराब, इंजेक्शन, सिरिंज, मोबाइल तथा मोटरसाइकिल सहित करीब 9 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
उज्जैन के जीवाजीगंज थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक ई-रिक्शा चालक को पकड़कर उसके पास से 255 ग्राम अवैध चरस बरामद की। खाचरोद थाना पुलिस ने बुरानाबाद जंगल में पेड़-पौधों की आड़ में की जा रही अवैध गांजा खेती का पर्दाफाश कर 26 किलोग्राम 96 ग्राम गांजा जब्त किया और आरोपित को गिरफ्तार किया। दोनों कार्रवाई में करीब 6 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद हुआ।
मैहर पुलिस ने भी कोतवाली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 152 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है।















