ग्वालियर, 2 सितंबर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मेला मैदान के प्रांगण में भव्य बलराम जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार द्वारा मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित इस बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण पोर्टलों और योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर विशेष किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ करने के साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण और कृषक कवच योजना की शुरुआत करेंगे।
इसके अलावा प्रदेश भर में नवगठित दो सौ प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं यानी पैक्स के कार्यालयों का लोकापर्ण भी मुख्यमंत्री के करकमलों द्वारा संपन्न होगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पैक्स के नए सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र सौंपेंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं व बैंकों को सम्मानित करेंगे।
गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले तीन चुनिंदा किसानों को विशेष राज्य स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।
मेला मैदान में आने वाले किसानों और दर्शकों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित आकर्षक प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।
इस राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह टामर और प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
प्रातः साढ़े दस बजे से शुरू होने वाले इस सांस्कृतिक और किसान सम्मेलन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और कन्हैया लोकगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी।
मुख्यमंत्री दोपहर के समय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न किसान हितैषी सौगातों का शुभारंभ करने के बाद किसानों को संबोधित करेंगे।















