मुंबई, 02 सितंबर।
आध्यात्मिक फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता के बाद निर्माताओं ने इसके दूसरे भाग की आधिकारिक घोषणा कर दी है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत चर्चा के चलते फिल्म इस साल की चर्चित सफल फिल्मों में शामिल हो गई है।
फिल्म के निर्माता विशाल चतुर्वेदी ने आगरा में दर्शकों से बातचीत के दौरान बताया कि 'हनुमान अंश' के दूसरे भाग पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगली फिल्म में बाबा नीम करोली के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
फिल्म की कहानी बाबा नीम करोली के जन्मस्थान फिरोजाबाद से शुरू होकर आगरा और मथुरा सहित उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े अन्य स्थानों तक पहुंचेगी। निर्माताओं के अनुसार, आगामी भाग में उनके जीवन के कई महत्वपूर्ण अध्यायों को पर्दे पर उतारने की तैयारी है।
तीन भागों की श्रृंखला के रूप में बनाई जा रही फिल्म
निर्माताओं ने 20 फरवरी 2026 को फिल्म की घोषणा के समय ही स्पष्ट किया था कि 'हनुमान अंश' को तीन भागों की फिल्म श्रृंखला के रूप में तैयार किया जाएगा। बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित यह फिल्म विशाल चतुर्वेदी की पुस्तक 'दिव्य डिटूर' से प्रेरित है।
फिल्म में बाबा नीम करोली का किरदार अभिनेता शोभिनव सत्या ने निभाया है। इसके अलावा चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी और विहान शेडगे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं।















