जोरहाट, 02 सितंबर।
असम के मरियानी में 60 लाख रुपये की फिरौती के लिए नौ वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को डेरगांव के इस्लाम नगर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के मामा सागर घोष और उनकी पत्नी मनीषा घोष मरियानी के लोकनाथ भवन स्थित कमरा नंबर 109 में करीब तीन दिनों से ठहरे हुए थे। मंगलवार दोपहर दोनों कथित तौर पर बच्ची के रिश्तेदार के घर पहुंचे और बहाने से उसे अपने साथ ले गए।
कई घंटे तक बच्ची के वापस नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शाम करीब पांच बजे कथित अपहरणकर्ताओं ने परिवार से 60 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
आरोप है कि रात आठ बजे तक रकम नहीं मिलने पर बच्ची की हत्या करने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही मरियानी पुलिस ने बच्ची की तलाश में अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर डेरगांव के इस्लाम नगर में छापेमारी की गई। वहां से रात करीब दो बजे बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने डेरगांव के कोयलाखाटा निवासी सागर घोष उर्फ टार्ज़न और इस्लाम नगर निवासी वसीम रहमान उर्फ कनकाई को गिरफ्तार किया है।
मनीषा घोष, इस्लाम नगर निवासी राहुल अली और फुकन नगर निवासी एक व्यक्ति, जिसकी पहचान फिलहाल मोन के रूप में बताई गई है, फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में अभियान चला रही है।
पुलिस ने कथित अपहरण में इस्तेमाल एक वाहन और लाल रंग का स्कूटर भी जब्त किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित अपहरण की साजिश में अन्य कौन-कौन शामिल थे।















