न्यूयॉर्क, 02 सितंबर।
अमेरिका के सबसे बड़े स्कूल डिस्ट्रिक्ट न्यूयॉर्क सिटी पब्लिक स्कूल्स में नए शैक्षणिक सत्र के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर रोक लगाने का फैसला किया गया है। अगले सप्ताह से शुरू हो रहे 2026-27 सत्र में पांच लाख से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों पर यह प्रतिबंध लागू होगा।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, प्री-स्कूल से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए जेनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नए सत्र में बच्चे कक्षाओं में लौटने के साथ ही इस व्यवस्था के दायरे में आ जाएंगे।
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान मम्दानी ने कहा कि स्कूली बच्चों के लिए जेनरेटिव कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर रोक लगाई जा रही है। अगले वर्ष इस निर्णय के प्रभावों का अध्ययन किया जाएगा।
यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल को लेकर नियम और स्पष्ट औपचारिक दिशा-निर्देश बनाने की मांग तेज हो रही है।
न्यूयॉर्क सिटी पब्लिक स्कूल्स में करीब 11 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और इसे अमेरिका का सबसे बड़ा स्कूल डिस्ट्रिक्ट माना जाता है। आकार के मामले में लॉस एंजिल्स यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट दूसरे स्थान पर है।















