तेहरान, 2 सितंबर।
ईरान में ईंधन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा रक्षकों ने उत्तरी खाड़ी में एक संदिग्ध जहाज से करीब 3 लाख 82 हजार लीटर अवैध ईंधन बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान जहाज पर मौजूद चालक दल के 11 विदेशी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, गिरफ्तार किए गए लोगों की राष्ट्रीयता के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ईरानी अधिकारियों ने उत्तरी खाड़ी में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जहाज को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध तरीके से ले जाया जा रहा ईंधन मिला। इसके बाद पूरे ईंधन को जब्त कर जहाज पर सवार चालक दल के 11 सदस्यों को हिरासत में ले लिया गया।
ईरान लंबे समय से ईंधन की बड़े पैमाने पर होने वाली तस्करी को रोकने के लिए अभियान चला रहा है। सरकारी सब्सिडी के कारण देश में पेट्रोल और अन्य ईंधन की कीमतें दुनिया के कई देशों की तुलना में काफी कम हैं। इसके साथ ही ईरानी मुद्रा के मूल्य में आई भारी गिरावट के कारण घरेलू और पड़ोसी देशों के बाजारों में ईंधन की कीमतों का अंतर बढ़ गया है।
कीमतों में इसी बड़े अंतर के चलते ईरान से पड़ोसी देशों तक ईंधन की तस्करी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। यह अवैध कारोबार जमीन के रास्तों के साथ समुद्री मार्ग से खाड़ी क्षेत्र तक भी किया जाता है। तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ईरानी सरकार समुद्री और जमीनी सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के साथ लगातार कार्रवाई कर रही है।















