भोपाल, 02 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने में जनविश्वास पोर्टल प्रभावी और उपयोगी साबित होगा। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान के चार सप्ताह सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और कम समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मंत्रालय से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी सप्ताह में एक दिन मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उपयोगकर्ता पुस्तिका के अनुसार पोर्टल पर आवश्यक जानकारियां नियमित रूप से दर्ज करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल के समेकित उपयोग से मैदानी स्तर पर आमजन को बेहतर लाभ मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत हो रही गतिविधियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के उद्देश्य से यह पोर्टल तैयार किया गया है। इसमें अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद, उद्यम संवाद तथा जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी।
पोर्टल पर नीतिगत विषयों, अभियान के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण निर्देशों, जिलों में किए गए प्रमुख नवाचारों और स्थानीय स्तर से प्राप्त सुझावों को भी शामिल किया जाएगा। हर सप्ताह दर्ज होने वाली जानकारी की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तर से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आवश्यक समन्वय भी किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पोर्टल अभियान की गतिविधियों को व्यवस्थित करने और जनता तक इसका लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।















