रायपुर, 02 सितंबर।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मंगलवार को रायपुर पहुंचे। रायपुर विमानतल पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति विमानतल से सीधे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर के लिए रवाना हो गए। यहां वह संस्थान के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे तक संपन्न होने के बाद उपराष्ट्रपति वापस रायपुर विमानतल के लिए रवाना होंगे। उनका दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान का कार्यक्रम है।
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने स्वयं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
काफिले की रिहर्सल के कारण सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक के बीच यात्रियों को यातायात जाम का सामना करना पड़ा।
दीक्षांत समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। उनके अलावा संस्थान के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुराणिक और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल शामिल होंगे।
केंद्र के प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना निदेशक सचिन कुमार भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।















