भोपाल, 02 सितंबर।
मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में आधुनिक तकनीक और भौगोलिक सूचना प्रणाली के उपयोग से सुशासन को मजबूत बनाने की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के एकीकृत भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित मंच ‘गरुड़’ के नवाचारपूर्ण उपयोग के लिए प्रदेश को प्रतिष्ठित ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’ प्रदान किया गया है।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा विकसित ‘गरुड़’ यानी भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित नगरीय आंकड़ा विश्लेषण केंद्र के प्रभावी और अभिनव उपयोग को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में एसरी इंडिया के निदेशक अजेन्द्र कुमार ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे को पुरस्कार प्रदान किया।
आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि ‘गरुड़’ के माध्यम से आंकड़ों को निर्णय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। इससे नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति, प्रशासनिक कार्यक्षमता और नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं में व्यापक सुधार की दिशा में काम हो रहा है।
‘गरुड़’ एक आधुनिक और एकीकृत भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित आंकड़ा विश्लेषण केंद्र है, जो नगरीय निकायों से जुड़े शहरी और राजस्व संबंधी आंकड़ों को एक मंच पर उपलब्ध कराकर उनका स्थान आधारित विश्लेषण करता है। इस तकनीकी व्यवस्था के जरिए संपत्तियों और राजस्व का मानचित्र आधारित अध्ययन किया जा रहा है।
इस प्रणाली से अपंजीकृत और संभावित नई संपत्तियों की सटीक पहचान कर राजस्व बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने में सहायता मिल रही है। साथ ही जलापूर्ति और सीवरेज नेटवर्क, भूमि उपयोग, अतिक्रमण नियंत्रण, भवन अनुमति तथा नगरीय अधोसंरचना की वास्तविक समय में डिजिटल निगरानी को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाया गया है।
गरुड़ प्रणाली के अंतर्गत विकसित पर्यवेक्षण मॉडल से नागरिक सुविधाओं और विभिन्न परिसंपत्तियों की वर्तमान स्थिति का सटीक आंकड़ा आधारित विश्लेषण संभव हो रहा है। यह व्यवस्था नगरीय निकायों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ बुनियादी ढांचे के रखरखाव और जनसुविधाओं के बेहतर प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।















