मुंबई, 02 सितंबर।
अभिनेता और निर्देशक कुणाल खेमू की आगामी एक्शन-कॉमेडी फिल्म 'वाइब' का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन स्वयं कुणाल खेमू ने किया है। फिल्म में उनके साथ प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव, वंशिका धीर और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
ट्रेलर में कुणाल खेमू और स्पर्श श्रीवास्तव दो दोस्तों के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिनकी लापरवाही उन्हें एक बड़ी परेशानी में डाल देती है। परिस्थितियां ऐसी बनती हैं कि दोनों को जासूस की भूमिका निभानी पड़ती है।
वहीं, प्रीति जिंटा फिल्म में एक सख्त कमांडिंग ऑफिसर के किरदार में दिखाई देंगी। देश को संकट से बचाने के मिशन के लिए वह इन दोनों नौसिखिए जासूसों को अपने साथ जोड़ती हैं। ट्रेलर में दोनों की मजेदार और अनोखी हरकतें हास्य का भरपूर तड़का लगाती हैं।
18 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर भी विशेष कैमियो भूमिका में नजर आएंगी। एक्शन, कॉमेडी और जासूसी के मेल से तैयार 'वाइब' मनोरंजन का पूरा पैकेज पेश करने का दावा करती है। फिल्म 18 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।















