जबलपुर, 02 सितंबर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी लगातार जारी रही। रातभर हुई तेज वर्षा के बाद सुबह भी रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे शहर के सामान्य जनजीवन पर असर पड़ने लगा। तापमान घटकर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और हवा में नमी का स्तर 96 प्रतिशत दर्ज किया गया।
दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार देर रात शुरू हुआ वर्षा का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।
गढ़ा, सदर, मदन महल, रांझी और आधारताल समेत शहर के कई हिस्सों में सुबह से हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही वर्षा के कारण नर्मदा नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।
मौसम विभाग ने जबलपुर के साथ सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी समेत पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से जबलपुर संभाग में लगातार वर्षा हो रही है।
बारिश के चलते निचले क्षेत्रों में नाले और नालियां उफनाने लगी हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की टीमें जल निकासी व्यवस्था सुधारने और नालों की सफाई में जुटी हैं।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी बारिश के कारण दिक्कत हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटे तक वर्षा का यह दौर इसी तरह बना रह सकता है।















