भोपाल, 02 सितंबर।
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष निर्माण और व्यवस्थागत कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्रालय में बुधवार को हुई बैठक में उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2026 तक निर्धारित कार्यों में जो काम बाकी हैं, उन्हें आगामी 15 दिनों में पूर्ण किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि 15 अगस्त तक प्रदेश की 53 स्वास्थ्य संस्थाओं को संचालन के लिए तैयार कर लिया गया है। इनमें 37 उप स्वास्थ्य केंद्र, 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 4 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और 3 क्रिटिकल केयर ब्लॉक शामिल हैं। संभागवार स्थिति में जबलपुर में 30, रीवा में 8, इंदौर में 6, भोपाल में 3, उज्जैन में 3, ग्वालियर में 2 और सागर में एक स्वास्थ्य संस्था तैयार की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी 15 दिनों के भीतर 220 और स्वास्थ्य संस्थाओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 167 उप स्वास्थ्य केंद्र, 42 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 6 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, 2 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट/पब्लिक हेल्थ यूनिट, 2 क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा एक मातृ एवं शिशु अस्पताल/जिला अस्पताल शामिल है।
प्रस्तावित संस्थाओं में से 179 में मानव संसाधन उपलब्ध है और 163 संस्थाओं में आवश्यक उपकरण पहुंचाए जा चुके हैं। शेष 61 संस्थाओं में उपकरण और मानव संसाधन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विशेष रूप से फर्नीचर, उपकरण और मानव संसाधन से जुड़े बचे हुए कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर सुनिश्चित की जाएं, ताकि तैयार स्वास्थ्य संस्थाओं का संचालन निर्धारित अवधि में शुरू हो सके।
बैठक में मध्य प्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कार्पोरेशन के प्रबंध संचालक मयंक अग्रवाल, अपर संचालक स्वास्थ्य मनोज सरियाम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।















