नई दिल्ली, 02 सितंबर।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस इस महीने नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। भारत की अध्यक्षता में यह सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
शिखर सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के नेताओं के साथ विशेष रूप से आमंत्रित प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। भारत इस वर्ष ब्रिक्स समूह की अध्यक्षता कर रहा है।
भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास को मजबूत आधार प्रदान करना रखा गया है। सम्मेलन के दौरान इन्हीं प्राथमिकताओं से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित रहेगा।
ब्रिक्स के संस्थापक सदस्यों में शामिल भारत इससे पहले वर्ष 2012, 2016 और 2021 में समूह की अध्यक्षता कर चुका है। देश ने एक जनवरी 2026 से चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है।
इस वर्ष ब्रिक्स अपनी स्थापना के 20 वर्ष भी पूरे कर रहा है। ऐसे में नई दिल्ली में होने वाला 18वां शिखर सम्मेलन समूह के लिए विशेष महत्व रखता है।















