तेहरान, 02 सितंबर।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने दावा किया है कि देश के दक्षिणी हिस्से में एक घर में आयोजित शादी समारोह पर हुए कथित अमेरिकी हवाई हमले में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने या घायल होने की आशंका है। मंत्रालय ने इस घटना को गंभीर हमला बताया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि होर्मोजगन प्रांत के सिरिक जिले स्थित कुहेस्तक में मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान घर को निशाना बनाया गया। उनके अनुसार, हमले की चपेट में समारोह में मौजूद पुरुष, महिलाएं और बच्चे आए।
बकाई ने दावा किया कि इस कथित हमले में 50 से ज्यादा लोग मारे गए या घायल हुए हैं। अमेरिकी अधिकारियों की ओर से ईरान के विदेश मंत्रालय के इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
ईरानी प्रवक्ता ने इस घटना को अमेरिकी अत्याचारों की एक और कड़ी करार दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के दौरान मिनाब के एक स्कूल पर भी हमला किया गया था, जिसमें दर्जनों बच्चों की मौत हुई थी।
बकाई ने कहा कि किसी घटना के कुछ दिनों बाद सब कुछ सामान्य मान लेना और चुप्पी को उचित ठहराना बेहद खतरनाक है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान इन कथित बर्बर अपराधों का कड़ा जवाब देगा।
उन्होंने कहा कि जो लोग आज चुप्पी साधे हुए हैं, वे भविष्य में इसके परिणामों से बच नहीं सकेंगे। अन्याय को नजरअंदाज करने से वह समाप्त नहीं होता, बल्कि इससे अपराध करने वालों का हौसला और बढ़ता है।















