भोपाल, 02 सितंबर।
मध्य प्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी ओर से रखी गई जनसमस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री पटेल ने कई प्रकरणों की जानकारी अधिकारियों से मौके पर ही प्राप्त की और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिन मामलों में संबंधित विभागों की विस्तृत प्रक्रिया या अन्य स्तर पर कार्रवाई की जरूरत थी, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली हर जनसमस्या का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा। पात्रता और निर्धारित नियमों के अनुसार समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन से जुड़े विषयों के पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ लगातार काम किया जा रहा है, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।















