काठमांडू, 02 सितंबर।
चीन ने नेपाल के रसुवागढ़ी से जुड़े केरूंग नाका तक जाने वाले सड़क मार्ग को बुधवार सुबह 10 बजे से पूरी तरह बहाल कर दिया है। पानी के कारण बाधित इस मार्ग के दोबारा खुलने से आपदा प्रभावित इलाकों तक पहुंच आसान हो सकेगी।
सड़क चालू होने के बाद बचाव दल, राहत सामग्री, आवश्यक उपकरण और भारी मशीनरी को प्रभावित क्षेत्रों तक सड़क मार्ग से पहुंचाया जा सकेगा। इससे बड़े स्तर पर राहत और बचाव कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
काठमांडू स्थित चीनी दूतावास के अनुसार, पानी से प्रभावित सड़क के अंतिम हिस्से को अस्थायी रूप से फिर से चालू कर दिया गया है। इसके बाद भारी मशीनों की आवाजाही भी संभव हो गई है।
केरूंग नाका क्षेत्र के प्रमुख आपदा प्रभावित हिस्से में राष्ट्रीय राजमार्ग की सफाई के लिए तैनात भारी मशीनरी अब चीनी क्षेत्र में स्थित केरूंग नाका भवन के मूल स्थान के नजदीक तक पहुंच चुकी है। सड़क बहाली से प्रभावित क्षेत्र में चल रहे राहत और बचाव अभियान को महत्वपूर्ण सहायता मिलने की संभावना है।















