नई दिल्ली, 02 सितंबर।
एआईएमआईएम के पूर्व प्रवक्ता सैयद आसिम वकार ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने कहा कि देश से सच्चा प्रेम करने वाले और भाजपा को सत्ता से हटाने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए कांग्रेस के साथ आना जरूरी है। उनके अनुसार कांग्रेस मजबूती के साथ भाजपा के खिलाफ संघर्ष कर रही है।
वकार ने एआईएमआईएम छोड़ने के अपने फैसले पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहते हुए उन्हें महसूस हुआ कि भाजपा और उसकी विचारधारा से लड़ने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर संघर्ष उन लोगों के खिलाफ होता है जो भाजपा के विरोध में हैं। इसी कारण उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि देश में धर्मनिरपेक्ष और जनहित की सरकार बनाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है। वकार के अनुसार, कांग्रेस ही भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ रही है।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार, छात्रों, महिलाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को लेकर देशभर में आंदोलन चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विभिन्न वर्गों की आवाज उठा रहे हैं और सरकार को लगातार मुद्दों पर घेर रहे हैं।
अजय राय ने वकार का कांग्रेस में स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी वाकपटुता के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वकार के विचार राहुल गांधी की देश के लिए परिकल्पना से जुड़े हैं और कांग्रेस का विस्तार लगातार हो रहा है।
अजय राय ने वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश के गांवों और गलियों में कांग्रेस का झंडा फहराने का दावा भी किया। वहीं, इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि सैयद आसिम वकार के शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिली है और आने वाले समय में कई अन्य लोग भी पार्टी से जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा की विचारधारा के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष करेगी और जीत हासिल करने का प्रयास करेगी।















