जबलपुर, 03 सितंबर।
शहर की जर्जर सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से घमापुर होते हुए रद्दी चौकी मार्ग तक पैदल मार्च निकालकर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा और नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर झाड़ू लगाकर विरोध जताया और जमा धूल को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर की कई सड़कों का निर्माण महज एक वर्ष पहले हुआ था, लेकिन पहली बारिश में ही वे उखड़कर गड्ढों में बदल गईं। उनका कहना है कि जिन सड़कों पर तीन वर्ष की गारंटी दी गई थी, उनकी मौजूदा हालत निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
कांग्रेस ने सड़क निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप भी लगाए। नेताओं का कहना था कि शहर में होर्डिंग्स और पोस्टरों के माध्यम से विकास के बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर स्थिति बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है।
कांग्रेस पार्षद दल ने आरोप लगाया कि नागरिकों से कर के रूप में प्राप्त धन खराब निर्माण कार्यों के कारण बर्बाद हो रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि खराब निर्माण कार्यों के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई होने तक पार्टी सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष जारी रखेगी।















