तेल अवीव, 03 सितंबर।
लेबनान के साथ जारी बातचीत के बीच इजराइल ने दक्षिणी लेबनान से हिरासत में लिए गए पांच लेबनानी नागरिकों को रिहा करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि यह निर्णय लेबनान की ओर से हाल में की गई मदद के बाद लिया गया है।
इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, लेबनान ने वहां के यहूदी समुदाय के दिवंगत नेताओं के अवशेषों की तलाश और उन्हें वापस लाने के प्रयासों में सहयोग किया है। पिछले कुछ महीनों के दौरान दोनों पक्षों ने विभिन्न स्तरों पर इन अवशेषों की खोज के लिए प्रयास किए, जिनमें जमीनी अभियान भी शामिल रहे।
जांच में यह बात सामने आई कि हिरासत में रखे गए पांचों लोग आम नागरिक हैं और उनका किसी आतंकवादी संगठन से संबंध नहीं पाया गया। उनके आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के भी कोई प्रमाण सामने नहीं आए हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि नेतन्याहू ने संबंधित अधिकारियों को लेबनान के यहूदी समुदाय के उन नेताओं के शवों की तलाश और वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, जिन्हें 1980 के दशक के मध्य में कथित रूप से अगवा कर उनकी हत्या कर दी गई थी।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति ने पांच बंदियों में से एक व्यक्ति को लेबनान को सौंपे जाने की पुष्टि की है। दोनों देशों के बीच बंदियों की रिहाई के साथ ही लेबनानी और इजराइली यहूदी नागरिकों के अवशेषों की पहचान तथा उन्हें वापस लाने के मुद्दे पर भी अलग-अलग स्तरों पर बातचीत जारी है।















