नवादा, 03 सितंबर।
कौआकोल-महुडर मुख्य पथ पर छतवईया आहर के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शराब की खेप के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 109 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसकी कुल मात्रा 60.700 लीटर बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड की सीमा से टेम्पू के जरिए शराब की खेप महुडर की ओर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और संबंधित मार्ग पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान टेम्पू को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 109 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद शराब लेकर जा रहे व्यक्ति को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र के चननवर गांव निवासी बिनेश्वर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















