कामरूप, 03 सितंबर।
असम के कामरूप ग्रामीण जिले के बोको क्षेत्र में पुलिस चौकी पर गोलीबारी की गंभीर घटना सामने आई है। एक पुलिस जवान ने एके-47 राइफल से गोली चलाकर चौकी प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों की जान ले ली।
घटना गामोरीमुरा पुलिस पहरा चौकी की बताई गई है। गोलीबारी में चौकी प्रभारी इंद्रजीत बोरा और पुलिस जवान फजरुल अली की मौत हो गई।
दोनों पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने के आरोपित जवान चिरंजीवी चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने यह कदम किस कारण उठाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित जवान से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से जुड़े कारणों की गहन जांच की जा रही है।
दोनों मृत पुलिसकर्मियों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए गए हैं।














