नई दिल्ली, 03 सितंबर।
राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए 11 सितंबर को केंद्र और दिल्ली सरकार के सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। केंद्र सरकार ने दिल्ली और नई दिल्ली स्थित अपने सभी कार्यालयों में अवकाश रखने के निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल की ओर से भी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिल्ली सरकार के अधीन सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स बिजनेस फोरम और 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है।
सम्मेलन में लगभग 30 सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन के बड़े स्तर और राजधानी में होने वाली व्यापक गतिविधियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि सम्मेलन के दौरान आम लोगों को होने वाली संभावित असुविधा को कम करने के उद्देश्य से दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय 11 सितंबर को बंद रखे जाएंगे।
दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने भी 3 सितंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, ब्रिक्स सम्मेलन और उससे जुड़े प्रशासनिक तथा अन्य प्रबंधों के कारण 11 सितंबर को दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश रहेगा।
यह आदेश दिल्ली के उपराज्यपाल की ओर से जारी किया गया है। सम्मेलन के दौरान राजधानी में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।















