भोपाल, 03 सितंबर।
मध्य प्रदेश में मलखंब खिलाड़ियों को आधुनिक और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक मलखंब एवं जिम्नास्टिक अकादमी स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को विभागीय बैठक में इसकी जानकारी दी।
करीब 20 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाली इस अकादमी में आधुनिक खेल अधोसंरचना, छात्रावास, उन्नत उपकरण और विशेषज्ञ प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। निर्माण कार्य के लिए लगभग 86 करोड़ रुपये और वर्ष 2026-27 से 2028-29 तक संचालन के लिए करीब 25.33 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। कुल परियोजना लागत लगभग 111.33 करोड़ रुपये होगी।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और उन्हें बेहतर अवसर तथा वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना आवश्यक है। अकादमी में खिलाड़ियों को फिटनेस, फिजियोथेरेपी और खेल विज्ञान आधारित सुविधाएं भी मिलेंगी। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन टैलेंट सर्च के माध्यम से किया जाएगा।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने मलखंब में 7 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य सहित 10 पदक जीते थे। प्रस्तावित अकादमी में कुल 70 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की योजना है।
स्थायी ढांचा तैयार होने तक वर्ष 2026-27 और 2027-28 में उज्जैन के राजमाता खेल परिसर, नानाखेड़ा में डे-बोर्डिंग मॉडल पर प्रशिक्षण शुरू करने का प्रस्ताव है। इस चरण में 40 खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह अकादमी प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।















