मुरादाबाद, 03 सितंबर।
मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे आरोपित को ईओडब्ल्यू मेरठ इकाई की टीम ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कुमार रण विजय सिंह के अनुसार, नागफनी थाने में 28 अगस्त 2018 को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बृजेश पाल की शिकायत पर बंगला गांव निवासी नौसिन जकिया के विरुद्ध धोखाधड़ी और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में 19 जून 2021 को पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था।
बाद में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मामले की जांच ईओडब्ल्यू के निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने की। विवेचना के दौरान कटघर के गुलाबबाड़ी निवासी अविनाश कुमार का नाम भी इस मामले से जुड़ा पाया गया।
इसके बाद ईओडब्ल्यू मेरठ इकाई ने आरोपित की तलाश शुरू की। गुरुवार को निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने नागफनी पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।















