सीहोर, 03 सितंबर।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 04 सितंबर को सीहोर में स्थापित सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई से तैयार होने वाले पहले ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ करेंगे।
करीब 50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित यह संयंत्र एक ही परिसर में स्थित देश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई बताया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगस्त 2025 में इस परियोजना का भूमि-पूजन किया था और लगभग 13 से 14 महीने के भीतर यहां उत्पादन शुरू हो गया है।
सीहोर की यह आधुनिक इकाई देश में बढ़ती बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर तैयार करेगी। यहां 220 केवी से 1200 केवी तक की क्षमता के पावर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। संयंत्र में प्रतिमाह 35 ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की क्षमता होगी, जिससे उच्च वोल्टेज विद्युत पारेषण उपकरणों के निर्माण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यहां निर्मित उच्च क्षमता के ट्रांसफॉर्मर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ वैश्विक बाजारों तक पहुंचेंगे। इनका उपयोग विद्युत क्षेत्र के अलावा डेटा सेंटर, रेलवे, नवकरणीय ऊर्जा, तेल एवं गैस तथा पारेषण अधोसंरचना परियोजनाओं में किया जाएगा। इस इकाई के शुरू होने से सीहोर में 2000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।















