जबलपुर, 03 सितंबर।
बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पानी की आवक के बाद बांध प्रशासन ने गुरुवार को जल निकासी बढ़ा दी। दोपहर में आठ और जलद्वार खोले जाने के साथ बांध के खुले गेटों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। सभी जलद्वार औसतन 1.96 मीटर की ऊंचाई तक खोले गए हैं।
बरगी बांध के सहायक यंत्री, बाढ़ नियंत्रण के अनुसार गुरुवार दोपहर 12 बजे बांध का जलस्तर 422.35 मीटर दर्ज किया गया। बांध की जल उपयोगी क्षमता इस समय 3090.50 एमसीएम, यानी लगभग 97.18 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं बांध में पानी की आवक 4215 क्यूमेक दर्ज की गई।
बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए दोपहर तीन बजे पानी की निकासी में वृद्धि की गई। पहले बांध से 1130 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 3802 क्यूमेक कर दिया गया।
13 जलद्वारों से बढ़ाई गई निकासी का असर मां नर्मदा के घाटों पर दिखाई देने की संभावना है। बांध प्रशासन के अनुसार नदी के घाटों पर जलस्तर करीब सात से आठ फीट तक बढ़ सकता है।
प्रशासन जलग्रहण क्षेत्र में पानी की आवक और बांध के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। आने वाले पानी की स्थिति के आधार पर निकासी की मात्रा को आवश्यकता अनुसार कम या अधिक किया जा सकता है।
नर्मदा नदी में पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए बांध प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नदी और घाटों के आसपास जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।















