बालाघाट, 03 सितंबर।
आय से अधिक संपत्ति और पद के कथित दुरुपयोग की शिकायत पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई में पदस्थ कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार सुबह कार्रवाई की। न्यायालय की अनुमति के बाद तीन टीमों ने बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित आवासों पर एक साथ दबिश दी।
सुबह करीब छह बजे बालाघाट स्थित शासकीय आवास की तलाशी शुरू की गई। डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 2.5 लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये कीमत का एक वाहन मिलने की जानकारी सामने आई है। दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की जांच एवं सत्यापन भी किया जा रहा है।
बालाघाट में करीब 14 महीने से पदस्थ सिंगारे के खिलाफ कुछ ठेकेदारों ने निर्माण कार्यों के बिल भुगतान में कथित रूप से कमीशन मांगने और परेशान करने की शिकायतें की थीं। सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के समक्ष भी मामला उठाया था।
एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी युनुस पप्पा खान ने कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए 13 जुलाई को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद इसी शिकायत के आधार पर बालाघाट के साथ छिंदवाड़ा और भोपाल में भी गुरुवार को कार्रवाई की गई।
30 लाख के भुगतान में 10 लाख कमीशन लेने का आरोप
शिकायतकर्ता युनुस पप्पा खान का आरोप है कि कार्यपालन यंत्री ठेकेदारों के भुगतान के बदले कथित तौर पर कमीशन की मांग करते थे। उन्होंने ठेकेदार छोटुलाल ठाकरे के 30 लाख रुपये के भुगतान में से 10 लाख रुपये कमीशन के रूप में लिए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इस मामले में प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो तक पहुंचा। हालांकि, कमीशन लेने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इनकी वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
भोपाल आवास पर सब इंजीनियर की मौजूदगी को लेकर भी सवाल
आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की टीम भोपाल स्थित आवास पर भी जांच कर रही है। यहां बालाघाट के सर्व शिक्षा अभियान में पदस्थ रहे सब इंजीनियर शिव भास्कर के पत्नी के साथ मौजूद होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि शिव भास्कर का हाल में स्थानांतरण हुआ है और उनके संबंध में भी भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों की चर्चा है। सिंगारे के भोपाल स्थित आवास पर उनकी मौजूदगी को लेकर पूछताछ की जा सकती है। मामले में आगे की कार्रवाई और बरामदगी की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि बालाघाट न्यायालय की अनुमति के बाद गुरुवार सुबह छह बजे शासकीय आवास पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई। यहां करीब 2.5 लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये कीमत का वाहन मिला है। टीम कार्यपालन यंत्री को लेकर छिंदवाड़ा रवाना हुई है और तीनों स्थानों पर जांच जारी है।















