फतेहपुर, 03 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र स्थित बीकमपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर मौत हो गई। घटना से पहले युवक पवन (40) ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर अपने पांच ससुरालीजनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पवन के हमले में उसका साला राजेश, सरहज बुद्धा तथा तीन भतीजे प्रदीप, राजकरन और गोरे घायल हुए। सभी को गंभीर हालत में फतेहपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया गया।
बताया गया कि घटना से पहले पवन अपने साले राजू को भतीजे के लिए लड़की देखने का बहाना बनाकर बाहर ले गया था और वह इसके बाद से लापता है। ससुराल पक्ष ने उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
ग्रामीणों के अनुसार पवन तलवार लेकर अपने ससुराल पहुंचा था और रात के समय सो रहे परिजनों पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ लोगों को देखकर उनका आक्रोश भड़क गया और उन्होंने पवन को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घायलों का उपचार जारी है और लापता राजू की तलाश भी की जा रही है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।















