सिलीगुड़ी, 03 सितंबर।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक कर्मचारी को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में जाल बिछाया और आरोपित को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अनुसार, मृतक के स्वजन की ओर से कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद अधिकारियों ने बुधवार को कार्रवाई की योजना बनाई और अस्पताल में निगरानी रखी।
कार्रवाई के दौरान अस्पताल में कार्यरत प्रयोगशाला-सह-मॉर्चरी सहायक को शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और अधिकारी रिश्वत मांगने से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार के मामलों के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले 31 अगस्त को हावड़ा के उलुबेरिया में भी एक सरकारी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। उस प्रकरण में रिश्वत की रकम बरामद कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी।















