मुंबई, 03 सितंबर।
कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार रिलीज के एक सप्ताह बाद लगातार धीमी पड़ती दिखाई दे रही है। फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई करते हुए ‘जवान’ और ‘पठान’ जैसी बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए थे, लेकिन इसके बाद इसके कारोबार में लगातार गिरावट दर्ज की गई।
‘केजीएफ: चैप्टर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के करीब चार वर्ष बाद बड़े पर्दे पर लौटे यश से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, ‘टॉक्सिक’ अब वैसा दमदार प्रदर्शन करती नजर नहीं आ रही है, जिसकी फिल्म से शुरुआत में अपेक्षा की जा रही थी।
आठवें दिन बुधवार को फिल्म का दैनिक कारोबार घटकर केवल 5.10 करोड़ रुपये नेट रह गया, जो अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। इससे एक दिन पहले फिल्म ने 7.85 करोड़ रुपये और छठे दिन 7.65 करोड़ रुपये की कमाई की थी। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब करीब 234.70 करोड़ रुपये पहुंच गया है, वहीं दुनियाभर में इसकी कमाई लगभग 322 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रिलीज से पहले फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह था और इसे रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के 1,361 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड के लिए चुनौती माना जा रहा था। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए 500 करोड़ रुपये के कथित बजट को पार करना भी मुश्किल दिखाई दे रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्मों की आमद ने भी ‘टॉक्सिक’ की चुनौती बढ़ा दी है। दुलकर सलमान की ‘आई एम गेम’ सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है और अली फजल की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को रिलीज होने जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिल्म के लिए दर्शकों की पकड़ बनाए रखना आसान नहीं होगा।















