भोपाल, 03 सितंबर।
मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा रखी गई जनसमस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।
विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली प्रत्येक जनसमस्या की गंभीरता से जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े मामलों का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार और संगठन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन जनहित के मुद्दों के समाधान को प्राथमिकता दे रहा है।















