नई दिल्ली, 03 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-बेल्जियम संबंधों को और सुदृढ़ बनाने के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत यात्रा पर पहुंचे बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने इससे पहले राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्प अर्पित कर सम्मान प्रकट किया।
बार्ट डी वेवर बुधवार रात तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकन भी भारत आए हैं। फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद डी वेवर की यह पहली भारत यात्रा है। नई दिल्ली पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।
इस यात्रा का उद्देश्य भारत और बेल्जियम के बीच मौजूद करीबी और बहुआयामी साझेदारी को नई मजबूती देना है। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, संपर्क और लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में भारतीय उद्योग परिसंघ के एक व्यापार कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद उनका मुंबई जाने का कार्यक्रम है, जहां वह हीरा, बंदरगाह और रसद क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों के साथ चर्चा करेंगे।
भारत और बेल्जियम के आर्थिक संबंधों में हीरा व्यापार की अहम भूमिका है। बेल्जियम का एंटवर्प वैश्विक हीरा कारोबार के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। दोनों देशों के बीच वर्ष 2025-26 में द्विपक्षीय व्यापार 13 अरब डॉलर से अधिक रहा।















