नई दिल्ली, 03 सितंबर।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार को चंडीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पंजाब विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं और नवाचार से जुड़े मंच का उद्घाटन करेंगे। उपराष्ट्रपति विश्वविद्यालय के पदेन कुलाधिपति भी हैं।
उपराष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, सीपी राधाकृष्णन चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय पहुंचकर परिष्कृत विश्लेषणात्मक उपकरण सुविधा और केंद्रीय उपकरण प्रयोगशाला में स्थापित उन्नत विश्लेषणात्मक प्रयोगशाला सुविधा का उद्घाटन करेंगे।
इस दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति पंजाब विश्वविद्यालय तकनीकी नवाचार मंच का भी शुभारंभ करेंगे। इस मंच को विश्वविद्यालय में अनुसंधान और नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, तकनीकी नवाचार मंच की शुरुआत से अनुसंधान, नई तकनीकों और नवाचार से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। यह पहल विश्वविद्यालय के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।















