वाशिंगटन, 03 सितंबर।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ रखने की इच्छा जताई है। उन्होंने दावा किया कि इस अहम समुद्री मार्ग पर अब अमेरिका का नियंत्रण है। यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच करीब छह महीने से संघर्ष जारी है और क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
ट्रंप ने अपने सामाजिक मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि जब जलडमरूमध्य अमेरिका के नियंत्रण में है तो इसका नाम ‘होर्मुज स्ट्रेट’ के स्थान पर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ क्यों नहीं रखा जा सकता। उन्होंने इस नाम को अमेरिका की छवि के अनुरूप अधिक प्रभावशाली बताया।
इसके बाद व्हाइट हाउस ने भी फारस की खाड़ी का एक नक्शा सामाजिक मंच पर साझा किया। इस नक्शे में होर्मुज जलडमरूमध्य को ‘ट्रंप स्ट्रेट’ के नाम से दर्शाया गया था। पोस्ट में इस नए नाम को आकर्षक बताया गया।
भौगोलिक स्थलों के नाम बदलने को लेकर ट्रंप पहले भी ऐसी पहल कर चुके हैं। अपने दूसरे कार्यकाल में उन्होंने मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ करने और उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी डेनाली को फिर ‘माउंट मैकिन्ले’ नाम देने की पहल की थी। हाल में कनाडा के साथ व्यापारिक तनाव के बीच लेक ओंटारियो का नाम ‘लेक अमेरिका’ करने संबंधी आदेश भी जारी किया गया था।















