शेनझेन, 03 सितंबर।
भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा का चाइना मास्टर्स 2026 में अभियान अंतिम-16 के मुकाबले के साथ समाप्त हो गया। गुरुवार को जापान की विश्व नंबर नौ तोमोक मियाजाकी ने 66 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में तन्वी को 21-17, 18-21, 21-16 से हरा दिया।
तन्वी ने टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 21-16, 21-17 से सीधे गेमों में हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया था। दूसरी ओर मियाजाकी ने पहले दौर में अपनी हमवतन हिना अकेची को 19-21, 21-17, 21-19 से मात दी थी।
तन्वी और मियाजाकी के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले इसी वर्ष इंडोनेशिया मास्टर्स में दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आई थीं, जहां जापानी खिलाड़ी ने 21-18, 18-21, 21-16 से जीत हासिल की थी।
पहले गेम में दोनों के बीच लगातार कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे को बराबर चुनौती देती रहीं, लेकिन अंतिम क्षणों में मियाजाकी ने बढ़त बनाते हुए पहला गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में तन्वी ने दमदार वापसी की और 8-2 की बढ़त हासिल कर ली। मियाजाकी ने संघर्ष करते हुए स्कोर 10-10 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने दबाव में संयम बनाए रखा और ब्रेक तक 11-10 से आगे रहीं।
इसके बाद तन्वी ने अपनी बढ़त 18-14 तक पहुंचाई और शानदार खेल दिखाते हुए दूसरा गेम 21-18 से जीत लिया। इस जीत के साथ मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंच गया।
तीसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। 6-6 की बराबरी के बाद तन्वी ने 8-7 और फिर 10-8 की बढ़त बनाई। ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ी 11-9 से आगे थीं।
ब्रेक के बाद मियाजाकी ने अपना खेल मजबूत किया और 11-11 से स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद जापानी खिलाड़ी ने मुकाबले पर नियंत्रण स्थापित करते हुए निर्णायक गेम 21-16 से जीत लिया। ब्रेक के बाद तन्वी केवल पांच अंक ही बना सकीं और उनका टूर्नामेंट सफर समाप्त हो गया।















