खाचरौद, 03 सितंबर।
उज्जैन जिले में निर्माणाधीन उज्जैन-जावरा ग्रीड हाईवे के कार्यस्थल से जेसीबी मशीन चोरी करने के मामले में खाचरौद पुलिस ने दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार रात की गई कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को चोरी की गई जेसीबी मशीन के साथ माकला फंटे के पास से पकड़ा। मुख्य आरोपित पहले इसी हाईवे निर्माण कार्य में मजदूरी कर चुका था, जिससे उसे निर्माण स्थल और वहां की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण सिंह सिसोदिया ने 31 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि कंचनखेड़ी फंटे के समीप ग्रीड हाईवे निर्माण स्थल पर खड़ी उनकी जेसीबी मशीन 29 अगस्त की रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी।
जांच में पता चला कि कृष्ण कमल पांडे पहले हाईवे निर्माण कार्य में ठेकेदार के पास काम कर चुका था। उसे कार्यस्थल पर खड़े वाहनों और आसपास के रास्तों की अच्छी जानकारी थी। रक्षाबंधन के कारण निर्माण कार्य में लगे कई कर्मचारी और मजदूर अपने घर गए हुए थे। आरोपितों ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए जेसीबी मशीन चोरी करने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक धनसिंह नलवाया ने विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के साथ ही आसपास के मार्गों और ढाबों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुराग मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर माकला फंटे के पास दोनों आरोपितों को पकड़ लिया और चोरी की गई जेसीबी मशीन भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपितों में 20 वर्षीय कृष्ण कमल पांडे, निवासी वार्ड नंबर 14, सरई, जिला सिंगरौली और 24 वर्षीय डालचंद विश्वकर्मा, निवासी भादाबर, थाना बड़वारा, जिला कटनी शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि कृष्ण कमल पांडे के खिलाफ सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र में पहले भी जेसीबी चोरी का मामला दर्ज है और वह उस प्रकरण में फरार चल रहा था। पुलिस अब दोनों आरोपितों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।















