बिजनौर, 03 सितंबर।
बिजनौर में तेज पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले अवैध साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने गुरुवार को सख्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए दर्जनों मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर के नीचे रखकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे साइलेंसर लगाकर सड़कों पर पटाखेबाजी करने वाले युवकों में हड़कंप मच गया है।
अभियान का नेतृत्व यातायात प्रभारी रवि नैन ने किया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों के मूल साइलेंसर हटाकर अवैध रूप से बनाए गए साइलेंसर लगा रहे हैं। इन साइलेंसरों से बाइक चलने के दौरान तेज धमाकों जैसी आवाज निकलती है और ध्वनि प्रदूषण फैलता है।
पुलिस के अनुसार, तेज आवाज से आम लोगों के साथ बुजुर्गों, मरीजों और छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी होती है। अचानक होने वाले धमाकों से सड़क पर हादसे की आशंका भी बनी रहती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने बुलेट एजेंसी संचालकों और मैकेनिकों को भी चेतावनी दी है कि वे इस तरह के अवैध साइलेंसर न बेचें और न ही किसी वाहन में लगाएं। चेतावनी के बावजूद ऐसा करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तेज आवाज वाले अवैध साइलेंसरों और पटाखेबाजी करने वाली बाइकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यातायात पुलिस की बुलडोजर कार्रवाई के बाद स्टंट और तेज धमाकों वाली आवाज के लिए बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों में हलचल देखी जा रही है।















