कानपुर, 03 सितंबर।
कानपुर के छावनी थाना क्षेत्र स्थित सत्ती चौरा में महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीसरे नामजद आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले दो आरोपितों को पकड़ा जा चुका है। अब इस मामले में तीन नामजद आरोपित पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि घटना में शामिल बताए गए दो अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, सत्ती चौरा इलाके में आपसी विवाद के दौरान 30 वर्षीय चांदनी निषाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका की बेटी अंजली की शिकायत पर छावनी थाने में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण में विनोद, संतोष और अंशु को नामजद किया गया था। इसके अलावा दो अज्ञात आरोपितों को भी मामले में शामिल बताया गया।
वारदात के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने एक सितंबर को नामजद आरोपित विनोद निषाद उर्फ मोदी और संतोष निषाद उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई थी।
दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने तीसरे नामजद आरोपित अंशु निषाद उर्फ डी.जे. को भी गिरफ्तार कर लिया। वह उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्लुपुरवा कटरी पीपरखेड़ा का निवासी है।
पुलिस ने अंशु निषाद को झाड़ीबाबा ओवरब्रिज के पास से पकड़ा है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जिला कारागार में निरुद्ध कराया जाएगा। पुलिस अब मामले में शामिल दो अज्ञात आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।















