गुवाहाटी, 03 सितंबर।
गुवाहाटी महानगर के बाहरी क्षेत्र सोनापुर में पुलिस और कथित वाहन चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लोगों की मौत हो गई। घटना मारकदला इलाके में गुरुवार तड़के हुई।
पुलिस के अनुसार, पानबाजार क्षेत्र के पास से एक टाटा एसी वाहन चोरी करने की कोशिश के बाद पुलिस ने संदिग्धों का पीछा किया। दोनों पानबाजार से आमसिंह और जोराबाट के रास्ते दिगारू-सोनापुर की ओर भागने लगे।
सोनापुर पुलिस ने फरार लोगों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। पुलिस का दावा है कि अभियान के दौरान दोनों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिस को भी गोलियां चलानी पड़ीं।
जवाबी कार्रवाई में सैफुल आलम लश्कर और बाबू सिंह की मौत हो गई। सैफुल आलम कछार का निवासी था, वहीं बाबू सिंह मणिपुर के इम्फाल का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भाग निकला।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारा गया सैफुल आलम लश्कर वाहन चोरी करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना था। दोनों शवों को सोनापुर अस्पताल में रखा गया है।
फरार व्यक्ति की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।















