शिमला, 4 सितंबर।
शिमला जिले के नेरवा थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं से जुड़े एक मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को नेरवा थाना पुलिस की टीम भट्टी नाला, देइया कैंची और न्यूटी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी जांच की।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को प्रतिबंधित नशीली दवा कोडीन फास्फेट और ट्रीपरोलीडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त सिरप की चार बोतलें मिलीं। इसके बाद कार में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नेरवा के दवारा गांव निवासी 34 वर्षीय शंकर और केडी गांव निवासी 44 वर्षीय विनोद के रूप में हुई है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, घटना के समय शंकर कार चला रहा था।
पुलिस ने बरामद नशीली सिरप और कार को जांच के दायरे में लिया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 22, 25 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले की आगे की जांच नेरवा थाना पुलिस कर रही है।















